Top News

एक बार फिर डीएम ने किया एसडीएम, तहसीलदार व लेखपालों का तबादला


डीएम ने किया एसडीएम, तहसीलदार व लेखपालों का तबादला

करहां (मऊ) : जिले में एक बार फिर तबादला की हलचल हुई है। प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए कई उप जिलाधिकारी और तहसील स्तरीय अधिकारियों का स्थानांतरण कर दिया गया है। लगातार बढ़ती शिकायतों, प्रशासनिक सशक्तिकरण और कार्य कुशलता में सुधार के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने यह कदम उठाया है।

मिली जानकारी के मुताबिक मुहम्मदाबाद गोहना के उप जिलाधिकारी (न्यायिक) अवधेश कुमार को अब सदर का उप जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं मऊ सदर के उप जिलाधिकारी हेमंत कुमार चौधरी को मुहम्मदाबाद गोहना में उप जिलाधिकारी (न्यायिक) पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा मुहम्मदाबाद गोहना के तहसीलदार शैलेंद्र सिंह का तबादला कर उन्हें सदर में तहसीलदार (न्यायिक) बनाया गया है, जबकि सदर के तहसीलदार उमेश सिंह को मुहम्मदाबाद गोहना में तहसीलदार (न्यायिक) के पद पर भेजा गया है। तबादलों की इस कड़ी में सदर के नायब तहसीलदार अभिषेक वर्मा को घोसी तहसील में नायब तहसीलदार के पद पर नियुक्त किया गया है। वहीं घोसी के वर्तमान नायब तहसीलदार अमरनाथ यादव को सदर में नायब तहसीलदार की जिम्मेदारी दी गई है।

जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र द्वारा लिए गए इस त्वरित और कड़े फैसले को प्रशासनिक हलकों में संतुलन और पारदर्शिता बहाल करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। जिले में लंबे समय से कुछ अधिकारियों की कार्यशैली को लेकर लगातार उठ रही आवाज़ों और बार-बार सामने आ रहे आरोपों को देखते हुए इन तबादलों को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पिछले महीने घोसी एसडीएम व तहसीलदार के खिलाफ अधिवक्ताओं ने लंबा संघर्ष किया था। इसके बाद इनका तबादला किया गया। वहीं से आये मुहम्मदाबाद गोहना के तहसीलदार शैलेंद्र सिंह का पुनः यहां भी अधिवक्ताओं ने विरोध करना शुरु कर दिया।

अधिकारियों की नई तैनाती से जहां आम जनता को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं मिलने की उम्मीद है, वहीं इससे कार्य प्रणाली में भी तेजी और पारदर्शिता आने की संभावना जताई जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post