बाइक सवार कैमरामैन को कार ने पीछे से मारी टक्कर, घायल
करहां (मऊ) : रानीपुर थानांतर्गत दरौरा गांव निवासी फिल्मों व एलबम की शूटिंग करने वाले कैमरामैन युवक व उसके सहयोगी के बाइक को एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने पीछे से टक्कर मार दी। इसमें दोनों बुरी तरह घायल हो गए। स्थानीय लोंगो और मौके पर पहुचीं पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल भेजवाया। वहां से एक युवक को इलाज के बाद छोड़ दिया गया जबकि दूसरे को स्वजन ट्रामा सेंटर बीएचयू लेकर चले गये।
दरौरा निवासी 21 वर्षीय पंकज सिंह व गाजीपुर के बरहट निवासी 25 वर्षीय सचिन यादव फिल्मों व एलबम आदि की कैमरामैन के रुप मे शूटिंग करते हैं। सोमवार दोपहर शादियाबाद स्थित एक स्टूडियो से काम पूरा करके वह बाइक से वाराणसी के लिए निकले। नंदगंज बाईपास से गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर चढ़ने के बाद करीब 100 मीटर आगे बढ़े होंगे तभी लगभग 01 बजे दोपहर को पीछे से एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने जोरदार टक्कर मार दी। तेज टक्कर से सचिन यादव कई फिट ऊपर उड़कर हाईवे पर गिर गया। जबकि बाइक चला रहा पंकज सिंह कई मीटर बाइक के साथ घिसटता हुआ चला गया। इसमें बाइक सहित कैमरामैन युवकों के महंगे कैमरे, लेंस, गैंबल व बैटरी आदि क्षतिग्रस्त हो गयी।
तेज टक्कर देख स्थानीय लोंगो ने पुलिस को सूचित किया। घायलों को एम्बुलेंस द्वारा गाजीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया। यहां इलाज के बाद सचिन यादव को छोड़ दिया गया जबकि गंभीर रुप से घायल पंकज सिंह को स्वजन ट्रामा सेंटर बीएचयू ले गये। पंकज को सर, कंधे, घुटने, एड़ी, कोहनी व शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। हेलमेट के कारण दोनों की जान बच गयी। स्वजन के मुताबिक दवा-इलाज की व्यस्तता के कारण अभी कोई लिखित तहरीर नहीं दे पाये हैं।


Post a Comment