मऊ व लाटघाट आजमगढ़ ने जीता बालक-बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का खिताब
•मऊ व वाराणसी की टीमें रहीं उपविजेता
•करहां परिक्षेत्र के शमशाबाद में आयोजित हुई प्रतियोगिता
करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र के शमशाबाद में बुधवार को दिन व रात में बालक-बालिकाओं की राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें बालिका वर्ग में जहां आजमगढ़ स्टेडियम ने मऊ स्टेडियम को हराकर फाइनल ट्राफी पर कब्जा किया, वहीं बालक वर्ग में मऊ स्टेडियम ने वाराणसी को परास्त कर खिताब पर कब्जा जमाया। विजेता खिलाड़ियों को करहां जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रवि पासी ने ट्राफी, मेडल, नकद राशि व व्यक्तिगत पुरस्कार प्रदान करते हुए उत्साहवर्धन किया।
इसके पूर्व आर्थोपेडिक सर्जन डाक्टर उमेश सरोज, भाजपा नेता अखंड प्रताप सिंह, जिला पंचायत सदस्य सुरहुरपुर रामदरश यादव, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामजीत यादव आदि की उपस्थिति में प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया। दिन में बालिका वर्ग की पांच टीमों आजमगढ़, मऊ, सोनाडीह, बिहार व आफताब एकेडमी गाज़ीपुर ने अपने बीच जोर आजमाइश की। फाइनल में पहुंची मऊ व लाटघाट आजमगढ़ के बीच मैच हुआ, जिसमें अंततः 27-11 के अंतराल से लाटघाट आजमगढ़ ने मऊ स्टेडियम को मात देते हुए फाइनल जीता।
बालक वर्ग 57 किलोग्राम भार वर्ग में रात भर चली प्रतियोगिता में ग़ाज़ियाबाद, महराजगंज, वाराणसी, मिर्जापुर, गाज़ीपुर, मऊ, आजमगढ़, बिहार, हरियाणा की टीमों सहित कुल 40 टीमों ने प्रतिभाग किया। एक दूसरे से संघर्ष कर पार पाते हुए अंततः फाइनल मुकाबला मऊ स्टेडियम व वाराणसी के बीच खेला गया। इसमें मऊ स्टेडियम ने कांटे के संघर्ष में वाराणसी को 22-14 अंको के अंतराल से पराजित कर फाइनल ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
इस अवसर पर सुरेंद्र पासवान, कालिका प्रसाद गोंड़, मुकेश सरोज, हरिवंश सरोज, कुलदीप सरोज, रोहित सरोज, गुलशन, हिमांशु यादव, आकाश शर्मा, अश्वनी सिंह, राहुल सरोज, सन्नी सिंह आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे। कमेंट्री प्रशांत सिंह जोशी ने किया।








Post a Comment