रिहायशी इलाके के एक घर में घुसी नीलगाय, भय में ग्रामीण
करहां (मऊ) : रानीपुर थाने के भंवराजपुर गांव में पूर्वाह्न एक नीलगाय सिवान से रिहायशी इलाके के एक घर में घुस गई। वह अपने समूह से अलग होकर कुत्तों से बचने के चक्कर में घर में आ गयी। भयभीत घर वाले घर छोड़कर भाग गए और अपनी जान बचाये। पुलिस व वन विभाग के द्वारा मदद न मिलने से अंततः ग्रामीणों ने किसी तरह उसे काबू कर सिवान में छोड़ा।
पूर्वाह्न एक पैर से घायल नीलगाय अपने झुंड से बिछड़कर कुत्तों के हमले से बचने के लिए गांव निवासी हंसराज यादव पुत्र संपत यादव के घर में घुस गई। घर में घुसने से परिवार के सदस्य बाल-बाल बचे व जान बचाकर बाहर भागे। डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गयी, जो वन विभाग को सूचना देने की बात कहकर चले गए। अंततः ग्रामीणों ने हिम्मत कर नीलगाय को घर से बाहर कर बांध दिया। जब काफी इंतजार करने के बाद भी पुलिस या वन विभाग के लोग नहीं आये तब स्वयं उसे कड़ी मशक्कत कर सिवान में ले जाकर छोड़ दिया।
इस घटना से ग्रामीण भयभीत हैं, क्योंकि भंवराजपुर गांव काफी एकांत व ताल व सिवान क्षेत्र में पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि रात में इस तरह के हिंसक जानवर बस्ती में आ जाएंगे तो किसी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता। अभी रविवार की रात में मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के सद्धोपुर गांव में भी एक नीलगाय रिहायशी इलाके में घुसकर पोखरी में गिर गयी थी। जिसमें उसकी मौत हो गयी थी।


Post a Comment