झुके पेड़ व ऊपर से गुजरे तार से शिव मंदिर पर खतरा
करहां (मऊ) : स्थानीय बाजार स्थित शिव मंदिर के ठीक किनारे वाला पुराना पाकड़ का पेड़ जर्जर होकर मंदिर पर लगातार झुकता जा रहा है। इसके साथ ही ऊपर से 11 हजार वोल्टेज का तार गुजरा है। इससे पवित्र सावन माह में लगने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ व मंदिर दोनो के ऊपर खतरा मंडरा रहा है। लक्ष्मी पूजन व शिव मंदिर समिति से जुड़े लोंगो ने संबंधित विभाग से पेड़ कटवाने व तार हटाने की मांग किया है।
शिव मंदिर समिति के अध्यक्ष विष्णुकांत श्रीवास्तव, लक्ष्मी पूजन समिति के अध्यक्ष अजीत चौरसिया व पंकज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मौजा रसूलपुर करहां बाजार स्थित शिव मंदिर के उपर पाकड़ का पुराना वृक्ष लटक गया है, इससे मंदिर की छत कभी भी गिर सकती है। यदि ऐसा हो जायेगा तो मंदिर का काफी नुकसान होगा। उक्त लोंगो ने उप जिलाधिकारी मुहम्मदाबाद गोहज को प्रार्थना पत्र देकर वन विभाग से पेड़ कटवाकर मंदिर को बचाने की अपील की है।
बताया कि इसके अलावा मंदिर के ऊपर से 11 हजार वोल्टेज वाला बिजली का तार गुजरा है। जिस पर नीम व पाकड़ के पेड़ की डालियां लटकी हुई हैं। जो लगातार खतरे का सबब बना हुआ है। अभी गुरुवार की भोर में ही प्रमोद निदान केंद्र के सामने नीम के पेड़ की डाल गिरने से बिजली का तार टूट गया था। वह तो भोर के 3 बजे का समय था, इसलिए कोई अनहोनी नहीं हुई। शिव मंदिर के पास प्रायः भीड़ लगी रहती है और ठीक बगल में बस व आटो स्टैंड स्थित है। इसलिए जनहित में उक्त तार को हटाना आवश्यक है।
मंदिर संचालन समिति से जुड़े सुरेशचंद वर्मा, अभिषेक यादव, श्रीकांत चौरसिया, राहुल मद्धेशिया, संभारु गुप्ता, मनीष सिंह, संजीव जायसवाल आदि ने वन विभाग व विद्युत विभाग से पेड़ कटवाने व हाईटेंशन तार हटाने की गुहार लगाई है।


Post a Comment