स्कूल चलो रैली से गूंज उठा सुरहुरपुर, पौधरोपण से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
करहां (मऊ) : शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है, और इसी संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के सुरहुरपुर स्थित कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार को "स्कूल चलो" रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला। रैली को खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके पूर्व विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि “हर बच्चा स्कूल जाए यह केवल सरकार की योजना नहीं, समाज की जिम्मेदारी भी है। शिक्षा और पर्यावरण, दोनों आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की नींव हैं।” रैली में भाग ले रहे बच्चों के हाथों में विभिन्न प्रेरणादायक स्लोगन लिखी तख्तियां थीं, जैसे- "शिक्षा का दीप जलाओ, बच्चों को स्कूल ले आओ", "हर बच्चा पढ़ेगा, देश आगे बढ़ेगा" और "बेटा-बेटी एक समान, शिक्षा है दोनों का अधिकार।" बच्चों ने गगनभेदी नारों के साथ गांव के विभिन्न मोहल्लों में घूमकर लोगों को बच्चों के नियमित स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया।
रैली में न केवल छात्रों और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी रही, बल्कि ग्रामीणों ने भी इस पहल का स्वागत किया। अभिभावकों को जागरूक करने के साथ-साथ यह रैली बच्चों में आत्मविश्वास और सामाजिक सरोकारों के प्रति चेतना जगाने का एक माध्यम भी बनी। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। प्रमुख रूप से प्रतिमा राय, शशिभूषण राय, सुरजीत राय, सतीश मौर्य, सरोज पांडेय, लीलावती मौर्य, रामसहाय, रामा राम, आशा चौहान, सत्यवती पाठक, मेनका सिंह सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं और कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।





Post a Comment