Top News

घायल राजमिस्त्री की इलाज के दौरान मौत, परिजनों में कोहराम

घायल राजमिस्त्री की इलाज के दौरान मौत, परिजनों में कोहराम

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के जमुई गांव निवासी 52 वर्षीय द्वारिका प्रसाद की दस दिन पहले रविवार को काम करते हुए गिरकर घायल हो गये थे। घायलावस्था में अलग-अलग तीन जगह इलाज हुआ। अंततः मंगलवार सुबह केजीएमयू लखनऊ में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गयी। परीजन उनके शव को मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली लेकर आये जहां अंत्य परिक्षण हेतु विधिक कार्यवाही की गई।

जमुई निवासी 52 वर्षीय द्वारिका प्रसाद पुत्र देवनंदन राजमिस्त्री का काम करते थे। पिछले रविवार को मुहम्मदाबाद गोहना के भुईलीपुर मोहल्ले में किसी के दो मंजिला मकान पर काम कर रहे थे कि अचानक फिसलकर गिर गये। इससे उनके सर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई। उन्हें फौरन कस्बे के प्रेमा मल्टीस्पेशलिटी हास्पिटल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। वहां से उन्हें ग्लोबल हास्पिटल आजमगढ़ में इलाज हेतु भर्ती कराया गया, जहां एक हफ्ते इलाज के बाद सोमवार को लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया। लखनऊ के केजीएमयू हास्पिटल में मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी।

द्वारिका की मौत से जहां परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में मातम का माहौल छा गया। मृतक के तीन पुत्रो व तीन पुत्रियों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी तीन पुत्रियों व एक पुत्र की शादी हो गयी थी, जबकि दो पुत्र अविवाहित थे। पत्नी का निधन बहुत पहले हो गया था। परीजन उनके शव को कोतवाली लेकर गए जहां आगे की विधिक कार्यवाही की गई।



Post a Comment

Previous Post Next Post