डा. संतोष यादव के नेतृत्व में मुहम्मदाबाद गोहना सीएचसी में किया गया पौधरोपण
करहां (मऊ) : पर्यावरण जागरूकता और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डाक्टर संतोष यादव के नेतृत्व में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद गोहना में सोमवार को एक विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें अस्पताल के अन्य चिकित्सकों और कर्मचारियों ने भाग लिया। सभी ने मिलकर पौधों का रोपण किया और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी लेने का संकल्प लिया।
इस अभियान के तहत स्वास्थ्य केंद्र के परिसर में 50 पौधे लगाए गए जिनमें आम, नीम, जामुन, पीपल और कचनार जैसे पर्यावरण हितैषी वृक्ष शामिल रहे। इस संदर्भ में डाक्टर संतोष कुमार यादव ने कहा कि वर्तमान समय में प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसे संकटों से निपटने के लिए वृक्षारोपण आवश्यक है। यह एक छोटा कदम है लेकिन भविष्य के लिए यह एक बड़ा योगदान बन सकता है। हर किसी को साल में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल करनी चाहिए। कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य सामुदायिक केंद्र मुहम्मदाबाद गोहना ने यह संदेश दिया है कि चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी न केवल लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा करते हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डाक्टर शारिक खान, डाक्टर उत्तम, फार्मासिस्ट सरोज यादव, हंसा यादव सहित अन्य चिकित्सा कर्मी उपस्थित रहे।

Post a Comment