प्राथमिक विद्यालय सद्धोपुर की चाहरदीवारी पर गिरा पेड़
करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के प्राथमिक विद्यालय सद्धोपुर की चाहरदीवारी पर सोमवार की रात एक पुराना पेड़ गिर गया। हालांकि संयोग अच्छा रहा कि रात होने के कारण कोई हताहत नहीं हुआ। पेड़ गिरने से चाहरदीवारी का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
कई दिनों से हुई बारिश के कारण परिसर में स्थित उक्त पुराना आम का पेड़ जड़ सहित उखड़कर विद्यालय की चाहरदीवारी पर जा गिरा। जिससे उसका कुछ भाग क्षतिग्रस्त हो गया है। पेड़ गिरने से पीछे के सिवान की तरफ जाने वाला रास्ता प्रभावित हो गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक हरिगोविंद सिंह ने पेड़ गिरने की सूचना ग्राम प्रधान देवंती देवी और विभाग को दे दी है।
इस संबंध में सहायक वन अधिकारी दिवाकर यादव ने बताया कि विद्यालय परिसर की चाहरदीवारी पर गिरे आम के पेड़ को हटाकर टहनियों से अवरुद्ध मार्ग को खाली कराया जायेगा और साथ ही लकड़ी को विद्यालय को सपुर्द कर दिया जाएगा।


Post a Comment