ट्रक में लदे 15 पशुओं सहित 04 तश्कर गिरफ्तार
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार की देर शाम वध के लिए ट्रक में ठूंसकर छपरा से उन्नाव ले जाए जा रहे 15 पशुओं को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 268.4 कि.मी. की लोकेशन से बरामद किया है। इस दौरान ट्रक पर मौजूद 04 पशु तस्करों को भी हिरासत में लिया गया है। पशु तस्करों पर मुकदमा दर्ज करते हुए बरामद पशुओं को क्षेत्र के गालिबपुर गांव क्षेत्र के बगीचे में रखा गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को शाम लगभग 06 बजे मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक जितेश कुमार पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के भुजही मोड़ से आगे 268.4 व 5 के समीप खड़े ट्रक संख्या UP35AT9943 को चेक किया तो उसमें 13 भैंस और दो पड़वा क्रूरता पूर्वक बांधकर रखे गए थे। इस दौरान ट्रक पर मौजूद चार पशु तस्करों ने भागने का प्रयास किया तो पुलिस ने सभी को दौड़ाकर पकड़ लिया। पुलिस ट्रक सहित पशुओं को कोतवाली लाई।
पशु तस्करों ने पूछताछ में बताया कि पशुओं को बिहार के छपरा जनपद के खुदाई बाग से उन्नाव काटने के लिए ले जा रहे थे। इसके पहले भी दो बार बिहार से पशुओं को उन्नाव ले जाकर स्लाटर हाउस में बेंच चुके हैं। पकड़े गए आरोपितों में उन्नाव जनपद के सराय बागा सगवर निवासी ट्रक चालक अवनीश कुमार, इसी जनपद के त्रिलोकपुर पुरवा निवासी जितेंद्र यादव, हरदोई जनपद के टंडियाव निवासी महबूब और रहमत को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया है।
इस संबंध में कोतवाल केके वर्मा ने बताया कि सम्बंधित पशु तस्करों पर विधिक कार्यवाही की जा रही है। साथ ही पशुओं को चारा-भूंसा, पानी एवं द्वारा चिकित्सा आदि के लिए व्यवस्था की गई है।

Post a Comment