Top News

सूर्यप्रताप को 50 मीटर प्रोन शूटिंग का दिया गया स्वर्ण पदक

सूर्यप्रताप को 50 मीटर प्रोन शूटिंग का दिया गया स्वर्ण पदक

•पिछले दिनों जयपुर में राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के बने थे विजेता

•वाराणसी के अवनी होटल में आकाशवाणी के केंद्र निदेशक ने किया सम्मानित

करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र के शमशाबाद गांव निवासी 14 वर्षीय सूर्यप्रताप सिंह ने पिछले दिनों राजस्थान के जयपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय 50 मीटर प्रोन शूटिंग प्रतियोगिता के प्रथम विजेता बने थे। प्रतियोगिता के तुरंत बाद परीक्षा होने के कारण उन्हें तत्काल घर आना पड़ा था। वहां से पुरस्कार आने के उपरांत एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें स्वर्ण पदक व पुष्प गुच्छ प्रदान कर सम्मानित किया गया।

वाराणसी के अखरी बाईपास स्थित अवनी होटल में आयोजित सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि आकाशवाणी वाराणसी के केंद्र निदेशक अशोक पांडेय रहे। उन्होंने सूर्यप्रताप सिंह के पूर्वांचल शूटिंग अकादमी के कोच सत्यम सिंह के साथ उन्हें स्वर्ण पदक पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही उनके आगामी उज़्ज़वल भविष्य की कामना की। कहा कि मात्र 14 वर्ष की उम्र और मात्र एक वर्ष के प्रशिक्षण में प्रदेश स्तरीय गोल्ड मेडल हासिल करना एक बड़ी उपलब्धि है। यदि इन्हें अच्छा प्रशिक्षण और वातावरण के साथ अभिभावकगण का भी सहयोग प्राप्त हो तो वह निश्चित रुप से आगे चलकर ओलंपिक में पदक प्राप्त कर पूरे देश व प्रदेश को गौरव प्रदान करेंगे।

सूर्यप्रताप सिंह ने दैनिक जागरण संवाददाता से दूरभाष पर बताया कि उन्हें निशानेबाजी की प्रेरणा अपने दादा स्वर्गीय रविंद्र बहादुर सिंह से मिली जो जनता इंटर कालेज रानीपुर के पूर्व प्रधानाचार्य रह चुके हैं। वे अपने जीवनकाल में बिना किसी प्रशिक्षण के बेहतरीन निशाना लगाते थे। सम्मान पाकर वे अभिभूत हैं और आगे अधिक मेहनत करके अधिक मेडल प्राप्त करेंगे।

इस दौरान अर्जुन प्रताप सिंह, उत्कर्ष वर्मा, शशांक त्रिपाठी आदि को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन प्रियदर्शी गौतम ने किया। इस अवसर पर अनंता सिसोदिया, नागेन्द्र भूषण सिंह, आर्यन सिंह, अभ्युदय, हिमांशु वर्मा, आदित्य विक्रम सिंह आजमगढ़, नीरज सिंह, खुशी कुमारी, डाक्टर रुकमानंद सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post