मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न
आपसी सौहार्द और शांति से त्योहार मनाने का आह्वान
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली परिसर में मंगलवार को दुर्गा पूजा, विश्वकर्मा पूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी अभिषेक गोस्वामी ने की।
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने नागरिकों व समिति पदाधिकारियों से अपील की कि त्योहार समाज में एकता और भाईचारे का प्रतीक होते हैं, इसलिए सभी वर्ग आपसी सहयोग से पर्व मनाएं ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। एसडीएम अभिषेक गोस्वामी ने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अशांति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि कहीं भी अश्लील गाने बजते पाए गए तो आयोजकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
क्षेत्राधिकारी शीतला प्रसाद पांडेय ने दुर्गा पूजा और रामलीला समितियों को निर्देश दिया कि सभी आयोजन सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए किए जाएं। डीजे साउंड केवल निर्धारित मानकों के अनुरूप ही बजाया जाए। हर पंडाल में वालंटियर की पहचान पत्र (आईडी) अनिवार्य होगी। सुरक्षा की दृष्टि से सभी पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा आग से बचाव के लिए बालू, पानी और फायर सेफ्टी की उचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने बताया कि बनियापार में रामलीला और मेले का आयोजन पूर्ववत स्थान पर ही होगा और त्योहारों के बाद दोनों पक्षों की बैठक कर विवाद का स्थायी समाधान कराया जाएगा।
कोतवाली प्रभारी कमलाकांत वर्मा ने बताया कि क्षेत्र में इस वर्ष कुल 40 प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। इसके अलावा 16 स्थानों पर रावण दहन, 18 स्थानों पर मेले और विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर एक जुलूस निकाला जाएगा। सभी आयोजनों पर पुलिस विशेष निगरानी रखेगी और अराजकता फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में नगर और क्षेत्र की समस्याओं को भी उठाया गया। विनोद कुमार ने रामलीला स्थल पर अतिक्रमण और आवागमन की समस्या रखी। वहीं वलीदपुर से आए भाजपा मंडल अध्यक्ष जनार्दन शर्मा ने नगर में बिजली के तारों की मरम्मत, खुली नालियों पर पटिया डालने और सकरे मार्गों की समस्या उठाई।
बैठक में बिजली विभाग के जेई रमाकांत यादव, कर्मचारी भूषण यादव, उप निरीक्षक मिथिलेश कुमार, रामदुलार, सुजीत सिंह, अरविंद सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि दीपक गुप्ता डायमंड, सौरभ गुप्ता, भाजपा नेता रामशरन चौहान, डॉक्टर इनामुल्लाह, नंदू सोनकर, पूर्व अध्यक्ष शकील उर्फ सब्बू, रामलीला कमेटी पूर्व अध्यक्ष लालजी वर्मा, अंजनी गुप्ता, सभासद राजकुमार मद्धेशिया, अवधेश चौहान, इकबाल अहमद समेत बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
अंत में एसडीएम अभिषेक गोस्वामी ने नगर में स्वच्छता और साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया और कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में प्रशासन से तुरंत संपर्क करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता के सहयोग से सभी पर्व शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराए जाएंगे।


Post a Comment