रिश्वत लेते रंगे हाथ सीबीआई ने डाक विभाग के अधिकारी को किया गिरफ्तार
वलीदपुर (मऊ) : केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो सीबीआई ने गुरुवार को मुहम्मदाबाद गोहना डाकघर के मेल ओवरसियर को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई की टीम दोपहर लगभग दो बजे खुरहट निवासी त्रिभुवन यादव को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। गिरफ्तारी की खबर फैलते ही डाक विभाग में हड़कंप मच गया।
सीबीआई की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार ग्रामीण डाक सेवक पोस्ट मास्टर शाखा कार्यालय बंदीकला दीपक कुमार ने उपडाक घर कार्यालय मुहम्मदाबाद गोहना की ओर से रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसने एक माह की छुट्टी के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन किया था। आवेदन की स्वीकृति का संदेश भी ऑनलाइन प्राप्त हुआ लेकिन उप-मंडल निरीक्षक (एसडीआई) ने मेल ओवरसियर के माध्यम से छुट्टी स्वीकृत करने और कार्यमुक्त करने के नाम पर दस हजार रुपये की मांग की थी।
इसी शिकायत पर सीबीआई की टीम ने जाल बिछाया और आरोपी त्रिभुवन यादव को शिकायतकर्ता से दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अधिकारी को सक्षम न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Post a Comment