बाइक व ठेले गाड़ी की भिड़ंत में एक की मौत, दूसरा घायल
करहां (मऊ) : रानीपुर थाना क्षेत्र के शमशाबाद गांव स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर गुरुवार देर शाम हुई बाइक व ठेले गाड़ी की टक्कर में 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार 25 वर्षीय युवक का इलाज चल रहा हैं। ठेला गाड़ी वाले किसान की मौत से स्वजन में मातम पसरा है। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रानीपुर थाना क्षेत्र के शमशाबाद गांव निवासी उमेश यादव पुत्र स्वर्गीय सिकरम यादव ठेला गाड़ी से धान लेकर घर जा रहा थे। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड से घर की तरफ जाने वाली आरसीसी सड़क पर मुड़ते ही रानीपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे उमेश सड़क पर पीछे की तरफ गिर गए, जिससे उन्हें सिर में गंभीर चोटे आ गयीं और वे बेहोश हो गए। बाइक चालक सुरहुरपुर गांव निवासी शिवम चौहान भी बुरी तरह घायल हो गया।
आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दिया। मौके पर मुहम्मदाबाद गोहना और रानीपुर थाना क्षेत्र की पुलिस पहुंच गई और दोनों घायलों को मुहम्मदाबाद गोहना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। उमेश यादव की गंभीर चोट को देखते हुए उसे स्वजन आजमगढ़ स्थित लाईफ लाइन हास्पिटल ले गए। वहां इलाज के दौरान रात 10:30 बजे के करीब उनकी मौत हो गई। शव अंत्य परीक्षण हेतु आजमगढ़ जिला अस्पताल में रखा है। जबकि बाइक सवार युवक का इलाज अभी जारी है।
मृतक उमेश यादव अपने परिवार के अकेले कमाऊ सदस्य थे। वे खेती-किसानी और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दैनिक मज़दूरी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत खराब है। बड़े भाई सुरेश अलग रहते हैं और वह भी मजदूरी ही करते हैं। बूढ़ी मां, विधवा पत्नी, 10 वर्षीय बिटिया व 08 वर्षीय बेटे का रो-रो कर बुरा हाल है।



Post a Comment