बार-बार चुनाव देश के संसाधनों का दोहन : भूपेंद्र सिंह
•बाबा बहाल दास इंटर कालेज करहां में हुई एक देश एक चुनाव पर संगोष्ठी
•एक साथ चुनाव से बढ़ेगी पारदर्शिता व देश की मजबूती : चंद्रकांत तिवारी
करहां (मऊ) : स्थानीय बाजार के बाबा बहाल दास इंटर कालेज में शुक्रवार एक राष्ट्र एक चुनाव विषयक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें वक्ताओं ने उपस्थित छात्र-छात्राओं व शिक्षक समाज के बीच पहुंचकर एक राष्ट्र एक चुनाव के प्रति उन्हें जागरुक किया एवं उनके विचार सुने।
मुख्य अतिथि करहां भाजपा मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कार्यक्रम का दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ किया। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र प्रदान कर स्वागत किया। भूपेंद्र सिंह ने कहा कि बार-बार होने वाले चुनाव से देश की ऊर्जा व संसाधनों का दोहन होता हैं। लोकसभा और विधानसभा चुनाव यदि एक साथ हों तो न केवल समय और धन की बचत होगी बल्कि प्रशासनिक मशीनरी को विकास कार्यों में पूरी तरह समर्पित किया जा सकेगा।
मुख्य वक्ता वन नेशन वन इलेक्शन अभियान के जिला सह संयोजक चंद्रकांत तिवारी ने बताया कि बार-बार चुनाव से सरकारी खर्च में भारी वृद्धि होती है और नीतिगत कार्यान्वयन प्रभावित होता है। एकसाथ चुनाव से पारदर्शिता बढ़ेगी और लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने युवाओं से अपील किया कि वे इस विषय पर जागरुकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रधानाचार्य इंद्रजीत मौर्य ने कहा कि यह केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं बल्कि राष्ट्रीय विकास और सुशासन की दिशा में एक ठोस कदम है। इस बात पर पूरे देशवासियों को अवश्य विचार करना चाहिए। इस दौरान विद्यार्थीगण शिवम यादव, निखिल पांडेय और समीर चौहान ने उक्त विषय पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया। उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर करहां भाजपा मंडल महामंत्री रितिक सिंह, प्रशासक धर्मेंद्र तिवारी, कमलेश मौर्य, बृजेश यादव, ज्ञानदीप गौतम, जिवलाल चौहान, विकास रावत, अलका सिंह, एहतेशाम आलम, वीरेंद्र सिंह, निशिता मद्धेशिया, आंचल वर्मा, शिवांगी सिंह आदि दर्जनों लोग उपस्थित थे।



Post a Comment