कार्यकर्ता बूथ व वार्ड स्तर से करें त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारी : विजयनरायन शर्मा
करहां (मऊ) : भारतीय जनता पार्टी मुहम्मदाबाद गोहना मंडल के देवलास कार्यलय पर त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर एक बैठक का आयोजन किया गया। इसमें त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के जिला संयोजक व पूर्व जिलाध्यक्ष विजयनरायन शर्मा ने विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया एवं आवश्यक दिशा निर्देशों से अवगत कराया।
विजयनरायन शर्मा ने कहा कि प्रत्येक गांव, बूथ व वार्ड स्तर पर पार्टी के कार्यकर्त्ता अभी से लग जांय। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं और उन्हें अवगत कराते हुए अपने प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने हेतु प्रेरित करें। ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायत स्तर के प्रत्येक चुनावों में पार्टी के कार्यकर्ताओं को जिताकर हमें देश व प्रदेश की सरकार को मजबूती प्रदान करनी है। विभिन्न स्तर के पंचायत चुनावों के आरक्षण, वोटर लिस्ट संसोधन व पुनर्निर्माण पर हमें विशेष ध्यान देना है।
इस अवसर पर त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के विधानसभा संयोजक छोटू प्रसाद, खैराबाद जिला पंचायत वार्ड के संयोजक रामसरन चौहान, जिला पंचायत मड़हा पट्टी के संयोजक संतोष सिंह, मंडल अध्यक्ष जनार्दन शर्मा, राहुल सिंह, आफताब आलम, ठाकुर प्रसाद सिंह, रमाकांत सिंह आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Post a Comment