Top News

रामलीला व दशहरा मेले की जमीन पर अतिक्रमण का मामला पहुंचा डीएम व एसपी दरबार

रामलीला व दशहरा मेले की जमीन पर अतिक्रमण का मामला पहुंचा डीएम व एसपी दरबार

मऊ। श्री दशहरा व रामलीला समिति मुहम्मदाबाद गोहना के पदाधिकारियों ने सोमवार को दशहरा व रामलीला की भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत को लेकर डीएम व एसपी दरबार पहुंचे। उन्होंने वहां मुहम्मदाबाद गोहना व बनियापार गांव स्थित श्री दशहरा रामलीला कमेटी की जमीन पर अतिक्रमण का आरोप लगाते हुए उसे कब्जामुक्त कराकर सुचारु रुप से कार्यक्रम सम्पन्न कराने की मांग की।

बता दें कि इस बाबत रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने शनिवार को समाधान दिवस पर क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना को ज्ञापन सौंप मामले से अवगत कराया था। दशहरा कमेटी के सदस्यों का कहना है कि जमीन के मालिकों ने 150 साल से भी अधिक समय पहले यह जमीन रामलीला के लिए मौखिक रुप से दान कर दी थी। वहां वर्षों से रामलीला का मंचन और दशहरा मेले का भव्य आयोजन होता है। कुछ माह पूर्व ग्राम प्रधान की साजिश से उस पर चहारदीवारी बनाकर कब्जा कर लिया गया। समिति के सदस्यों ने मांग किया कि दशहरा की जमीन को खाली कराया जाए। दूसरी तरफ जमीन के मालिकों का कहना है कि कागज में उक्त जमीन हम लोगों के परिवार के नाम से दर्ज है। जरुरत नहीं थी तो जमीन खाली थी और रामलीला होता था। छह माह पूर्व उक्त जमीन की घेराबंदी की गई तो किसी ने विरोध नहीं किया।

डीएम प्रवीण कुमार मिश्र व एसपी इलामारन जी ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने वालों में समिति के अध्यक्ष छोटू प्रसाद, संरक्षक लालजी वर्मा व अंजनी कुमार गुप्ता, महामंत्री रामशरन चौहान, नगर पंचायत मुहम्मदाबाद गोहना के अध्यक्ष प्रतिनिधि दीपक गुप्ता डायमंड, भाजपा मंडल अध्यक्ष जनार्दन शर्मा, अभिषेक पाल, अजय यादव, विजेंद्र सिंह पटेल, जुगनू चौरासिया, राजकुमार गुप्ता, मिथिलेश रावत आदि रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post