Top News

एक साथ चुनाव से शिक्षा व विकास को मिलेगा नया आयाम : सुधांशु सिंह

एक साथ चुनाव से शिक्षा व विकास को मिलेगा नया आयाम : सुधांशु सिंह

•एक राष्ट्र, एक चुनाव के प्रति आयोजित हुआ जागरुकता कार्यक्रम

•घुरभारी स्मारक बालक-बालिका इंटर कालेज टेकई में हुआ आयोजन

करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र के घुरभारी स्मारक बालक बालिका इंटर कालेज, टेकई में सोमवार को एक राष्ट्र, एक चुनाव के प्रति जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें युवाओं, शिक्षकों और नागरिकों को एक साथ चुनाव कराने की आवश्यकता और लाभों से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इस मुहिम के जिला संयोजक सुधांशु सिंह ने कहा कि यदि देश में लोकसभा और विधानसभा का चुनाव एक साथ होगा तो देश की भारी आर्थिक बचत होगी। इसके साथ ही प्रशासनिक संसाधनों का भी बेवजह दुरुपयोग रुक सकेगा। उन्होंने युवाओं से अपील किया कि वे इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में अग्रणी भूमिका निभाएं।

विद्यालय के प्रबंधक हरिशंकर यादव ने कहा कि बार-बार चुनाव शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित करते हैं। इससे विद्यालयों का उपयोग चुनाव केंद्र के रुप में भी होता है। उन्होंने बताया कि यदि चुनाव एक साथ होंगे तो शिक्षा सत्र व्यवधान मुक्त रहेगा और विद्यार्थियों को बेहतर समय और वातावरण मिलेगा। एक राष्ट्र एक चुनाव अभियान के जिला सह संयोजक शिवम सिंह ने युवाओं से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी की अपील की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधानसभा संयोजक विमल पांडेय ने कहा कि जब सरकारें बार-बार चुनाव नहीं कराएंगी तब वे पूरे कार्यकाल में विकास और जनता की भलाई पर ध्यान केंद्रित कर सकेंगी।

कार्यक्रम का संचालन जिला सह संयोजक चंद्रकांत तिवारी ने किया। उन्होंने कहा कि एक राष्ट्र, एक चुनाव केवल नारा नहीं, बल्कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने का राष्ट्रीय संकल्प है। कार्यक्रम में दर्जनों छात्र व स्थानीय नागरिकगण उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post