अधिवक्ताओं का तहसीलदार के खिलाफ कार्य बहिष्कार जारी, किया प्रदर्शन
स्थानांतरण किए जाने की मांग पर हैं अडिग
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसीलदार पर अनियमितता व दुर्व्यवहार के विरोध में तहसील के अधिवक्ताओं का आंदोलन लगातार जारी है। सोमवार को अधिवक्ताओं ने तहसील न्यायालय परिसर में जमकर नारेबाजी की और तहसीलदार के विरुद्ध अपना विरोध दर्ज कराया। चेतावनी दी कि जब तक तहसीलदार का स्थानांतरण नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
अध्यक्ष फिरोज अहमद सिद्दीकी ने कहा कि तहसीलदार की कार्यप्रणाली से अधिवक्ता ही नहीं, वादकारी भी परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना सुनवाई किए पत्रावलियां वादकारियों के घर पहुंचाई जा रही हैं तथा अवैध वसूली कर मनमाने आदेश पारित किए जा रहे हैं। तहसीलदार द्वारा उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 38 (1) एवं (2) का पालन भी नहीं किया जा रहा है। मंत्री उमाशंकर यादव एडवोकेट ने चेतावनी दी कि जब तक भ्रष्टाचार में लिप्त तहसीलदार का स्थानांतरण नहीं हो जाता, आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन करने वालों में संतोष श्रीवास्तव, खालिद जमाल खान, विनय श्रीवास्तव, आफताब आलम, सुधीर श्रीवास्तव, महेंद्र राय, मुन्ना कुमार, लालबहादुर, राजकुमार, लालाजी गौतम, ऋण कुमार यादव आदि शामिल रहे।

Post a Comment