मोबाइल पशु चिकित्सा इकाई पहुंचा रही सुविधा
प्रचार प्रसार से हो रहा है पशुओं का इलाज
करहां (मऊ) : पशुपालन विभाग द्वारा संचालित मोबाइल वेटनरी यूनिट 1962 के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में पशुओं का इलाज किया जा रहा है। यूनिट के डॉक्टर पंकज कुमार यादव, फार्मासिस्ट सुमित कुमार यादव एवं चालक पविंदर कुमार नियमित गांव-गांव पशुपालकों के मवेशियों का उपचार कर रहे हैं। उपचार के साथ-साथ टीकाकरण एवं पशुपालकों को लम्पी बीमारी के बारे में उचित जानकारी प्रदान की जा रही है।
इस विषय में डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि यह बीमारी वायरस से फैलती है, इसलिए अपने पशुओं को सावधानीपूर्वक एवं स्वच्छ स्थान पर रखें। पशुओं की साफ-सफाई निरंतर रूप से करते रहें और सभी पशुओं का टीकाकरण अवश्य कराएं। इस बीमारी में पशुओं के शरीर पर दाने निकल आते हैं और वे चारा खाने में असमर्थ हो जाते हैं। ऐसे मामलों की सूचना मिलते ही मोबाइल वेटरनरी यूनिट मौके पर पहुंच कर इलाज करती है।
बता दें कि डॉक्टरों की टीम न केवल पशुओं का उपचार कर रही है बल्कि पशुपालकों को इसके बारे में जानकारी भी दे रही है। इस सराहनीय कार्य एवं जानकारी के लिए पशुपालक बहादुर राम, सोनकी देवी, मुनरी देवी, पूनम, पुष्पा आदि लोगों ने चिकित्सा टीम के प्रति कृतज्ञता प्रकट की है।


Post a Comment