Top News

बीच बाजार शिव मंदिर के सामने कूड़े का लगा अंबार

बीच बाजार शिव मंदिर के सामने कूड़े का लगा अंबार

करहां (मऊ) : स्थानीय बाजार के आटो एवं बस स्टैंड तथा शिव मंदिर के ठीक सामने बाजार वासियों की नादानी के कारण कूड़े का अंबार लगा हुआ है। इससे आसपास के दुकानदारों, घरों एवं मंदिर में आने जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बाजारवासियों ने इस समस्या से निजात दिलाने के लिए गुहार लगाई है।

बता दें कि करहां दर्जनों गांवों की एक प्रसिद्ध और लंबी बसी घनी बाजार है। इसके अलावा इससे लगा हुआ गांव भी घनी आबादी वाला क्षेत्र है। शिव मंदिर एवं बस स्टाप के पास एक खाली पड़ी जमीन पर आसपास के लोग कूड़ा फेंकने लगे और धीरे-धीरे यहां कूड़े का पहाड़ जैसा ढेर लग गया। इसकी वजह से अब यहां लोग गंदी चीजें, मरे हुए जानवर एवं सड़े गले पदार्थ भी फेंकने लगे। इससे उठती हुई दुर्गंध के कारण आसपास जहां पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है, वहीं संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। तेज हवा चलने से कूड़ा-कचरा उड़कर शिव मंदिर तथा आसपास के दुकानों और घरों में चला जाता है। कूड़े कचरे का ढेर लगने के कारण यहां प्राय कुत्ते, बंदर, चील, कौवे अपना डेरा जमाए हुए रहते हैं।

करहां व्यापार मंडल एवं औषधि विक्रेता समिति के अध्यक्ष विष्णुकांत श्रीवास्तव का कहना है कि करहां बाजार वासियों की छोटी सी नादानी, सुस्ती व लापरवाही के कारण शिव मंदिर के सामने कूड़े का ढेर लगा हुआ है। अब यह आसपास के लोगों के लिए ही एक बड़ी समस्या बन गई है। जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आग्रह है कि एक बार इस पूरे कूड़े को यहां से हटाकर, इस स्थान की घेराबंदी कराके पेड़ पौधे लगा दिए जाएं, ताकि वहां फिर से कोई कूड़ा ना फेके। इससे इस बड़ी समस्या से हमेशा के लिए छुटकारा मिल सके।

मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के बीडीओ कलाधर पांडेय ने बताया कि इस समय सफाई कर्मचारियों की थोड़ी कमी है और सभी लोग प्रायः संचारी रोग नियंत्रण अभियान में लगे हुए हैं। फिर भी मैं तत्काल एडीओ पंचायत से बात करके इस समस्या के निदान के लिए निर्देशित करुंगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post