सीता हरण व मारीच वध की लीला का हुआ भावपूर्ण मंचन
करहां (मऊ) : श्री दशहरा रामलीला समिति मुहम्मदाबाद गोहना के तत्वाधान में सोमवार को सायंकाल ब्राह्मण टोला से लीला की भव्य झांकी यात्रा निकाली गई। यह यात्रा शहीद चौक होते हुए शंकर तिराहा पहुंची व लीला का हनुमान मंदिर पर विश्राम हुआ। इस दौरान मारीच वध एवं सीता हरण की लीला का अद्भुत मंचन किया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
रामलीला की इस प्रसंगावली में मारीच का स्वर्ण मृग रुप धारण कर वन में जाना तथा प्रभु श्रीराम के द्वारा उसका वध करने का दृश्य जीवंत कर दिया गया। इसके उपरांत रावण द्वारा छलपूर्वक माता सीता का हरण करने की लीला का सजीव मंचन किया गया, जिसे देखकर उपस्थित जनमानस मंत्रमुग्ध हो गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से समिति के अध्यक्ष छोटू प्रसाद, महामंत्री रामसरन चौहान, संगठन मंत्री वीरेंद्र पासवान, राजीव सेठ, राजेश चौहान पायलट, अजय यादव, अभिषेक पाल, राम अवध पुजारी, आशीष अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में समिति के पदाधिकारी व नगरवासी उपस्थित थे।


Post a Comment