नम आंखों के साथ प्रपौत्र व परदादी की एक साथ उठी अर्थी
•17 वर्षीय प्रपौत्र का दिल्ली में हुआ आकस्मिक निधन
•सूचना पाकर 85 वर्षीय परदादी की सदमें में रुकी दिल की धड़कन
करहां (मऊ) : रानीपुर थाने के भिलहिली भतड़ी चकभतड़ी गांव में मंगलवार उस समय सबकी आंखें नम हो उठीं, जब किशोरवय प्रपौत्र व वृद्ध परदादी की एक साथ अर्थी उठाई गई। सोमवार अलसुबह 17 वर्षीय प्रपौत्र का दिल्ली में जहां आकस्मिक निधन हो गया, वहीं उसके मौत की सूचना पाकर 85 वर्षीय परदादी की सदमें में दिल की धड़कन रुक गई। मंगलवार सुबह दोनो की एक साथ अर्थी उठने से जहां परिजनों में चीख-पुकार मच गई, वहीं पूरे गांव में मातम पसर गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विक्की सरोज अपने वेल्डर पिता श्यामसुंदर के साथ दिल्ली में रहकर कक्षा-11 की पढ़ाई करता था। सोमवार सुबह-सुबह सोकर उठने के बाद सीढ़ियों पर झाड़ू लगाते समय गिरकर बेहोश हो गया। आनन-फानन में परिजन उसे नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने अचानक ब्रेन हेमरेज होने के कारण उसे मृत घोषित कर दिया।
जब विक्की सरोज के इस आकस्मिक और असामयिक निधन की सूचना दूरभाष द्वार घर आई तो इसे सुनकर उसकी वृद्ध परदादी सोमारी देवी पत्नी महावीर प्रसाद की सदमे के कारण हृदयगति रुक गई। एक ही घर में दो मौतों से परिजनो में कोहराम मच गया। देर रात्रि विक्की का शव घर लाया गया और पूर्वाह्न परदादी और प्रपौत्र का एक साथ गाजीपुर के गंगातट स्थित राजघाट पर अंतिम संस्कार किया गया।



Post a Comment