Top News

चार वर्षों से हर घर नल, हर घर जल योजना अधर में

चार वर्षों से हर घर नल, हर घर जल योजना अधर में

•कार्यदाई संस्था पर लापरवाही का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश

•आरटीआई के बाद भी नहीं मिला जवाब

(मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक क्षेत्र के ग्राम पंचायत हिंडोला में सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘हर घर नल, हर घर जल’ का सपना चार सालों जे अधूरा पड़ा है। वर्ष 2021 में शुरु हुआ जल जीवन मिशन के तहत जल टंकी निर्माण कार्य अभी तक पूरा नहीं हो सका। नतीजा यह है कि गांव के सैकड़ों घरों तक अब तक शुद्ध पेयजल की आपूर्ति शुरु नहीं हो पाई है।

ग्रामीणों के मुताबिक यह कार्य एल.सी. इन्फ्रा प्राइवेट लिमिटेड नामक ठेकेदार संस्था को सौंपा गया था। लेकिन संस्था ने न तो समय पर कार्य पूरा किया और न ही अधूरे निर्माण स्थल की सुरक्षा का ध्यान रखा। बरसात में अधूरे गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

गांव निवासी समाजसेवी कुनाल सिंह अंकित ने बताया कि यह परियोजना गांव के हर घर तक नल द्वारा पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से शुरु हुई थी लेकिन निर्माण शुरु होते ही कार्य बीच में ही छोड़ दिया गया। ग्रामीण कई बार अधिशासी अभियंता को शिकायत दे चुके हैं, मगर हर बार केवल आश्वासन ही मिलता है।

गांव निवासी मनोज सिंह, अनुराग राजभर, मनीष सिंह, स्वर्ण प्रताप और शिवम सिंह ने बताया कि उन्होंने इस मामले में आरटीआई दायर की और प्रथम अपील भी की, परंतु अब तक कोई ठोस जवाब नहीं मिला है। इस संबंध में स्थानीय प्रशासन का कहना है कि कार्य एल.सी. इन्फ्रा प्राइवेट लिमिटेड संस्था के माध्यम से कराया जा रहा है और उनसे संपर्क कर जल्द कार्य पूरा कराया जाएगा। लेकिन लगातार देरी से ग्रामीणों का धैर्य अब जवाब देने लगा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post