दुष्कर्म व आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में दो गिरफ्तार, एक अन्य की तलाश
करहां (मऊ) : नाबालिग बालिकाओं से जुड़े दुष्कर्म तथा आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के चर्चित मामले में रानीपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई एसओजी, स्वाट एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त मदद से की।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार एवं क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना शीतला प्रसाद पाण्डेय के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार के नेतृत्व वाली टीम ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के जमुई अंडरपास के पास घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमालपुर बभनपुरा निवासी राकेश पुत्र नेहरु उर्फ अजीत (25) तथा कमालपुर बरियासना निवासी 15 वर्षीय बाल अपचारी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि 8 जून की शाम मुख्य आरोपी प्रिंस उर्फ शिवम पीड़ित बहनों से मिलने गया था। बाद में करजौली के जंगल में दोनों बहनों से मुलाकात हुई, जहां उनके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। घटना के बाद पीड़िता और मुख्य आरोपी के बीच विवाद भी हुआ था। अगले दिन परिजन शिकायत लेकर आरोपियों के घर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी पक्ष माफी मांगने पीड़ित परिवार के घर गया। इसी दौरान सूचना मिली कि सामाजिक बदनामी और भय के चलते बड़ी बहन ने जंगल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण) और धारा 61(2) (आपराधिक साजिश) की बढ़ोतरी की है। साथ ही एक अन्य आरोपी की संलिप्तता भी प्रकाश में आई है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि मुकदमा संख्या 72/2026 में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस टीम में एसओजी, स्वाट, सर्विलांस और थाना रानीपुर के कई अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

Post a Comment