कौशल और शिक्षा से ही बनेगा आत्मनिर्भर भारत : अरुण कुमार यादव
•ब्रह्मर्षि श्रीराम कृष्ण सेवा ट्रस्ट द्वारा संचालित बीएसआरके कौशल विकास संस्थान रामनगर ख़ालिसा में हुई संगोष्ठी
•प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने पर हुआ आयोजन
•संस्थान में टेलीकाम उद्यमियों को दिया जा रहा प्रशिक्षण, होगा कैम्पस प्लेसमेंट
करहां (मऊ) : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर श्री राम कृष्ण सेवा ट्रस्ट द्वारा संचालित बीएसआरके कौशल विकास संस्थान रामनगर ख़ालिसा में सोमवार को टेलीकाम उद्यमियों के लिए एक भव्य संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कौशल विकास व शिक्षा के महत्व एवं आत्मनिर्भर भारत बनाने में इसके योगदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। जिसमें छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना व स्वागत गीत की मनोहारी प्रस्तुति दी गई। प्रबंधक प्रवीण कुमार राय ने आगत अतिथियों को अंगवस्त्र, माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर स्वागत अभिनंदन किया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य मड़हा पट्टी जयभीम कुमार ने प्रधानमंत्री कौशल विकास मिशन एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए युवाओं को कौशल प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
अपने उद्बोधन में विशिष्ट अतिथि एवं राजकीय आईटीआई मऊ के प्रधानाचार्य अरुण कुमार यादव ने विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि लगन, मेहनत और अनुशासन के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने छात्रों से अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने तथा कौशल एवं शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। वहीं बीएसआरके ग्रुप आफ इंस्टीट्यूट्स के प्रबंधक प्रवीण कुमार राय ने दूरसंचार के क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार एवं कैरियर के अवसरों पर प्रकाश डाला।
अंत में विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी का संकल्प दोहराया गया। कार्यक्रम का संचालन मोहम्मद शबीब रिज़वी व धन्यवाद ज्ञापन प्रवीण राय ने किया। संगोष्ठी में मुख्य रुप से विभिन्न एमआईएस प्रबंधक द्वारिका प्रसाद मिश्र, विभिन्न आईटीआई कालेजों के प्रबंधक सुनील यादव, जयप्रकाश पाल, बब्बन यादव, अधिवक्ता हाईकोर्ट अभिषेक राय, उपनिरीक्षक संजय राय, प्रधानाचार्य रजनीश राय, एटीएम सर, रामभजन यादव, उमेश चंद, कैलाश यादव सहित विभिन्न छात्र-छात्राएं व अभिभावकगण उपस्थित रहे।







Post a Comment