Top News

6100 दीयों से जगमगाया ठाकुरजी राम जानकी मंदिर का अमृत सरोवर, हुई गंगा आरती

6100 दीयों से जगमगाया ठाकुरजी राम जानकी मंदिर का अमृत सरोवर, हुई गंगा आरती

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के कसारी गांव स्थित श्री ठाकुरजी राम जानकी मंदिर परिसर में  बुधवार  को देव दीपावली पर्व हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर प्रांगण स्थित अमृत सरोवर 6100 दीयों की रौशनी से ऐसा आलोकित हुआ कि दृश्य अद्भुत और मनमोहक बन गया। चारों ओर भक्ति, आस्था और उत्सव का अनूठा संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व सपा जिलाध्यक्ष धर्मप्रकाश यादव एवं डाक्टर रवीन्द्रनाथ उपाध्याय  ने दीप प्रज्वलित कर किया। उक्त दोनों अतिथियों ने कहा कि ऐसी धार्मिक परंपराएं समाज में एकता, श्रद्धा और सांस्कृतिक चेतना को जीवंत रखती हैं। श्री ठाकुरजी राम जानकी मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष संजय यादव, उपाध्यक्ष डॉ. अमित उपाध्याय, बृजभान राय, अरविंद यादव, ग्राम प्रधान संजय कुमार एवं सूर्यभान यादव के नेतृत्व में दीपोत्सव का आयोजन भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ।

इस दौरान मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन के साथ-साथ गंगा आरती का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने आरती की थालियों में दीप जलाकर अमृत सरोवर के तट पर भगवान श्रीराम-जानकी के जयघोष के बीच दीपदान किया। जल में झिलमिलाते दीपों के प्रतिबिंब और गंगा आरती की ध्वनि से पूरा वातावरण दिव्यता और आस्था से भर उठा। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक संभ्रांत नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम-जानकी की आरती में भाग लेकर प्रदेश में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।



Post a Comment

Previous Post Next Post