Top News

रेल हादसे में दादी-पोते की मौत, एक महिला गंभीर रूप से घायल

रेल हादसे में दादी-पोते की दर्दनाक मौत, एक महिला गंभीर रूप से घायल

करहां (मऊ): मुहम्मदाबाद गोहना रेलवे स्टेशन के पश्चिमी केबिन के पास शनिवार दोपहर करीब एक बजकर तीस मिनट पर एक हृदयविदारक रेल दुर्घटना में दादी और पोते की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने के प्रयास में एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कस्बा के कबीराबाद वार्ड नंबर 10 निवासी 55 वर्षीय मीला देवी पत्नी फूलबदन अपने आठ वर्षीय पोते अनुज पुत्र सनोज के साथ रेलवे लाइन के किनारे बकरी चरा रही थीं। इस दौरान स्टेशन से साबरमती एक्सप्रेस आजमगढ़ की ओर बढ़ रही थी, वहीं दूसरी पटरी पर तेज रफ्तार से गरीब नवाज एक्सप्रेस आ रही थी।

ट्रेन गुजरते वक्त अनुज का ध्यान साबरमती एक्सप्रेस की ओर था कि अचानक दूसरी दिशा से क्लोन गरीब नवाज एक्सप्रेस आ पहुंची। स्थिति भांपते हुए दादी मीला देवी ने पोते को बचाने के लिए ट्रैक पर छलांग लगा दी, लेकिन दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। पास ही मौजूद 48 वर्षीय सुभावती पत्नी साहब इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गईं।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु रेफर कर दिया। बताया जाता है कि मृतका मीला देवी के पति फूलबदन की भी कुछ वर्ष पूर्व ट्रेन हादसे में ही जान गई थी। इस घटना से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर छा गई है।



Post a Comment

Previous Post Next Post