Top News

मऊ के आशुतोष को मिला गृहमंत्री दक्षता पदक

मऊ के आशुतोष को मिला गृहमंत्री दक्षता पदक

•जिले के हरदसपुर गांव निवासी हैं आशुतोष सिंह निकुंभ

•केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर हैं तैनात

करहां (मऊ) : जिले के हरदसपुर गांव निवासी और केंद्रीय रिजर्व पुलिस में असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर तैनात आशुतोष सिंह निकुंभ को शुक्रवार केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक देने की घोषणा की गई। इस खबर से गांव-क्षेत्र में हर्ष का माहौल व्याप्त हो गया है। लोग घर पहुंचकर उनके पिता वीर प्रकाश सिंह को बधाई दे रहे हैं।

बता दें कि देश के जांबाजों को सलाम करने के लिए आज़ाद भारत के पहले गृहमंत्री लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150 वीं जन्म जयंती के अवसर पर उक्त पदक की घोषणा की गई। यह पदक मऊ के आशुतोष सहित देश के कुल 1466 वीरों को मिला है। केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने 2025 के लिए गृहमंत्री दक्षता पदक' की घोषणा की है। यह घोषणा प्रत्येक साल 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर की जाती है। इसके अंतर्गत विभिन्न राज्यों, संघशासित प्रदेशों, केन्द्रीय सशस्त्र अर्धसैनिक बलों, केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स, केन्द्रीय पुलिस संगठनों के 1466 कर्मियों को सम्मानित किया गया है।

आशुतोष सिंह ने जागरण संवाददाता से दूरभाष पर बताया कि यह पदक विशेष अभियान, अन्वेषण, आसूचना और फोरेंसिक विज्ञान जैसे चार प्रमुख क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य को मान्यता देने, उच्च पेशेवर मानकों को प्रोत्साहित करने और कर्मियों व अधिकारियों का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदान किया जाता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में शुरु किया गया यह पदक पुलिस बलों और अधिकारियों के मनोबल को सशक्त करेगा।

केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने 1 फरवरी 2024 को इस पदक से संबंधित अधिसूचना जारी की थी। इसके तहत देशभर में पुलिस बलों, सुरक्षा संगठनों, खुफिया शाखाओं, राज्यों व संघ राज्य क्षेत्रों की विशेष शाखाओं, सीपीओएस, सीएपीएफएस और फोरेंसिक विज्ञान के क्षेत्र में कार्यरत सरकारी वैज्ञानिकों को अभियानों से संबंधित असाधारण कार्य, अन्वेषण में उत्कृष्ट सेवा, अदम्य साहस और असाधारण खुफिया सेवा और फोरेंसिक विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post