पूर्व सांसद बालकृष्ण चौहान व विधायक सुधाकर सिंह को दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि
करहां (मऊ) : वरिष्ठ बसपा नेता व पूर्व सांसद बालकृष्ण चौहान तथा घोसी के सपा विधायक सुधाकर सिंह के आकस्मिक निधन पर रविवार को कस्बे के अंबेडकर सभागार में व्यापारियों व विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों ने संयुक्त श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। सभा में वक्ताओं ने दोनों दिग्गज नेताओं के निधन को जनपद के लिए अपूर्ण क्षति करार देते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजली अर्पित की।
वक्ताओं ने कहा कि बालकृष्ण चौहान सरल, विनम्र और सभी के सुख-दुख में शामिल रहने वाले नेता थे, वहीं सुधाकर सिंह जुझारु, कर्मठ और विकास के प्रति समर्पित जनप्रतिनिधि के रुप में याद किए जाएंगे। सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उमाशंकर सिंह दाढ़ी ने कहा कि दोनों नेताओं ने जनपद के विकास और जनहित को हमेशा प्राथमिकता दी। पूर्व सांसद चौहान ने शिक्षा के क्षेत्र को ऊंचाई देने में अहम योगदान दिया, जबकि सुधाकर सिंह लोगों की सेवा में सदैव तत्पर रहे।
कांग्रेस नेता वीरेंद्र तिवारी ने कहा कि दोनों जननेताओं की कमी निकट भविष्य में पूरी होना कठिन है। व्यापार मंडल अध्यक्ष जगदीश प्रसाद गुप्ता ने कहा कि बालकृष्ण चौहान न केवल लोकप्रिय नेता थे बल्कि व्यापारी हितों के भी मजबूत पक्षधर थे, इसलिए उनके निधन से व्यापार जगत को भी भारी क्षति हुई है।
अन्य वक्ताओं ने दोनों नेताओं के निधन को मुहम्मदाबाद गोहना और घोसी क्षेत्र की बड़ी राजनीतिक क्षति बताया। कार्यक्रम में डाक्टर इनामुल्लाह, डाक्टर सत्यदेव भारती, सगीर प्रधान, वीरेंद्र कुशवाहा, छोटेलाल नेता, प्रद्युम्न प्रताप, जीवन मौर्य, केवल चौधरी सहित अनेक व्यापारियों व विभिन्न दलों के नेतागण उपस्थित रहे।




Post a Comment