विद्युत राहत शविर में 01 लाख 27 हजार की हुई वसूली
करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र के कमालपुर पहाड़पुर ग्राम पंचायत स्थित सद्धोपुर गांव के पंचायत भवन पर गुरुवार को विद्युत राहत योजना 2025 के तहत शिविर लगाया गया। शिविर के दौरान 21 विद्युत उपभोक्ताओं द्वारा कुल 01 लाख 27 हजार रुपये की धनराशि जमा की गई।
आयोजित शिविर में मूलधन पर 25 प्रतिशत तथा ब्याज पर शत-प्रतिशत छूट का लाभ लेने के लिए कमालपुर पहाड़पुर, देवसीपुर, अल्लीपुर, सद्धोपुर व चक देवसीपुर गांवों के सैकड़ों उपभोक्ताओं ने भाग लिया। जिसमें कुल 21 विद्युत उपभोक्ताओं द्वारा 01 लाख 27 हजार रुपये की धनराशि जमा की गई। इस बीच कमालपुर पहाड़पुर के कुछ ग्रामीणों ने एक ही मकान पर दो स्थानों से विद्युत कनेक्शन दर्शाकर बिल भेजे जाने की शिकायत की। इस पर कुछ देर तक हंगामा हुआ। ग्राम प्रधान के समझाने और विभागीय अधिकारियों द्वारा जानकारी देने के बाद ग्रामीण शांत हुए।
विद्युतकर्मियों ने बताया कि एक कनेक्शन का बिल जमा कर उसकी रसीद की छायाप्रति ग्राम प्रधान के पैड पर प्रमाणित आवेदन के साथ जमा करने पर अतिरिक्त कनेक्शन काट दिया जाएगा। शिविर सुबह 10 बजे से शाम 04 बजे तक चला। इस अवसर पर देवसीपुर ग्राम प्रधान वीरेंद्र राजभर, कमालपुर पहाड़पुर प्रधान देवंती देवी, करहां-जमुई 33/11 विद्युत उपखंड के अवर अभियंता छोटेलाल, शशि यादव, विपिन चतुर्वेदी सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।


Post a Comment