Top News

श्रीकृष्ण के साथ योगमाया का प्राकट्य ही जन्माष्टमी का पूर्ण स्वरूप : स्वामी ज्ञानानंद

श्रीकृष्ण के साथ योगमाया का प्राकट्य ही जन्माष्टमी का पूर्ण स्वरूप : स्वामी ज्ञानानंद

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहन तहसील क्षेत्र के सिगाड़ी स्थित सनबीम सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के चतुर्थ दिवस पर गुरुवार को श्रद्धालु श्रीकृष्ण योगमाया अवतरण प्रसंग सुनकर भावविभोर हो उठे। परमहंस परिव्राजकाचार्य स्वामी ज्ञानानंद सरस्वती महाराज ने व्यासपीठ से श्रीकृष्ण जन्म की दिव्य लीला का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का अवतरण योगमाया के साथ एक ही क्षण हुआ था।

स्वामीजी ने बताया कि भाद्रपद मास के कृष्णपक्ष की अष्टमी तिथि, मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्णचंद्र का प्राकट्य हुआ और उसी समय नंदगोप के कुल में भगवती योगमाया ने भी जन्म लिया। योगमाया तत्पश्चात आकाशवाणी करते हुए देवराज इंद्र के रथ पर सवार होकर विंध्याचल के त्रिकोण पर्वत पर विराजमान हुईं और विन्ध्यवासिनी के रूप में पूजित हुईं।

कथा के पूर्व पूर्वाह्न सत्र में यज्ञाचार्य डॉ. धनंजय पांडेय ने सहयोगी आचार्यों के साथ मुख्य यजमान पंकज युवराज व जूही सिंह से विधिवत यज्ञ कर्म संपन्न कराया। वेदी पूजन, पारायण और महाआरती के साथ वातावरण भक्तिमय हो गया। अपराह्न में व्यासपीठ पूजन एवं स्वामीजी के स्वागत के पश्चात कथा का रसास्वादन हुआ।

स्वामी ज्ञानानंद सरस्वती ने कहा कि जन्माष्टमी केवल श्रीकृष्ण का उत्सव नहीं है, बल्कि योगमाया सहित श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के रूप में इसे मनाना ही शास्त्रसम्मत है। कंस के कारागार से वसुदेव द्वारा बालकृष्ण को गोकुल पहुंचाने और यशोदा की कन्या योगमाया द्वारा कंस को ललकारने की लीला का वर्णन सुन श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। उन्होंने बताया कि विंध्यवासिनी देवी अपने भक्तों के समस्त संकटों का नाश कर उन्हें धन-धान्य, सद्बुद्धि और संतान सुख प्रदान करती हैं।

कथा स्थल पर हरिओम शरण, विमल मिश्र, पंकज सिंह, महेशचंद्र मिश्र, धर्मेंद्र सिंह, गोपाल सिंह, विनीत पांडेय, अभिषेक तिवारी, संजीव द्विवेदी सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने पहुंचकर स्वामी जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। अंत मे सभी ने एक स्वर में आरती और जन्म के मंगलगीत गाए तथा स्वामीजी का मंगल आशीष प्राप्त किया।



Post a Comment

Previous Post Next Post