वीर बाल दिवस पर बच्चों ने जाना साहिबज़ादों का शौर्य
करहां (मऊ) : भारत सरकार की पहल पर हर वर्ष 26 दिसंबर को मनाए जाने वाले वीर बाल दिवस के अवसर पर शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के कंपोजिट विद्यालय टंडवा चौबेपुर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह दिवस गुरु गोबिंद सिंह के छोटे साहिबज़ादों, साहिबज़ादा जोरावर सिंह और साहिबज़ादा फतेह सिंह के अद्वितीय बलिदान की स्मृति में मनाया जाता है, जिन्होंने 6 और 9 वर्ष की आयु में धर्म व सत्य की रक्षा हेतु प्राण न्योछावर कर दिए।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन तथा राज्य परियोजना कार्यालय उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने वीरता गीत, भाषण, निबंध लेखन एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर जनपद के एसआरजी संजय कुमार तिवारी ने वीर बाल दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। विद्यालय के अध्यापक एवं करहां न्याय पंचायत के नोडल शिक्षक संकुल संतोष कुमार सिंह तथा सदफ यास्मीन ने भी बच्चों को संबोधित कर साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।




Post a Comment