Top News

रेलवे फाटक 14-सी मार्ग के संकरे होने पर लोगों में आक्रोश, चौड़ाई बहाल करने की मांग

रेलवे फाटक 14-सी मार्ग के संकरे होने पर लोगों में आक्रोश, चौड़ाई बहाल करने की मांग

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना रेलवे स्टेशन के पश्चिमी गेट 14-सी को जोड़ने वाले मार्ग को रेल विभाग द्वारा संकरा किए जाने से क्षेत्रीय जनता में रोष व्याप्त है। पूर्व में लगभग 60 फीट चौड़े इस मार्ग पर बाउंड्री कराकर सड़क को गलीनुमा बनाए जाने का आरोप है। सड़क की न्यूनतम चौड़ाई 35 फीट रखने की मांग को लेकर ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने रेल विभाग को पत्र भेजा है, लेकिन कार्रवाई जारी है।

बता दें कि इस मार्ग से नोनियापुर, सैदपुर, सुरहुरपुर, भुजही, अन्नूपार, बरामदपुर, बरहदपुर सहित दर्जनों गांवों के हजारों लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। इसी रास्ते से महिला पब्लिक इंटर व डिग्री कॉलेज की करीब चार हजार छात्राएं भी आती-जाती हैं। मार्ग संकरा होने से दुर्घटना व जाम की आशंका जताई जा रही है।

एमएलसी विक्रांत सिंह रिशु, शाह आलम कुरैशी, प्रधानाचार्य साजिया रहमान सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने समस्या के समाधान के लिए पत्र भेजा है। उप जिलाधिकारी अभिषेक गोस्वामी ने बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे के सहायक अभियंता को पत्र भेजा गया है, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है।

Post a Comment

Previous Post Next Post