मकर संक्रांति से पहले करहां, मुहम्मदाबाद गोहना व चिरैयाकोट में जाम
करहां (मऊ) : मकर संक्रांति पर्व की तैयारियों और खरीदारी को लेकर करहां, मुहम्मदाबाद गोहना व चिरैयाकोट के बाजारों में मंगलवार को भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तिलकुट, गुड़, चूड़ा, लाई सहित खिचड़ी के सामानों की खरीदारी के साथ ही बहन-बेटियों के घर खिचड़ी पहुंचाने वालों की आवाजाही से सड़कों पर जबरदस्त चहल-पहल रही।
करहां बाजार के मुख्य मार्ग पर स्थिति सबसे अधिक जाम की स्थिति रही, जहां वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बाधित रहा। जाम में फंसे राहगीरों, दोपहिया व चारपहिया चालकों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। मुहम्मदाबाद गोहना और चिरैयाकोट के बाजार क्षेत्रों में भी इसी तरह जाम की स्थिति बनी रही।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मौसम साफ होने, अच्छी धूप खिलने के कारण चहल पहल विशेष बढ़ी है। इस त्योहार के दौरान हर साल जाम की समस्या खड़ी होती है, लेकिन यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम नहीं होने से आमजन को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।


Post a Comment