दरौरा में शनिवार दोपहर से बिजली आपूर्ति ठप्प, दो दिन से अंधेरे में ग्रामीण
करहां (मऊ) : करहां-जमुई 33/11 विद्युत उपकेंद्र के टाउन फीडर से जुड़े दरौरा गांव में शनिवार दोपहर से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भीषण गर्मी के बीच गांव के राजपूत बस्ती, अनुसूचित बस्ती, कश्यप बस्ती में पिछले दो दिन और दो रात से तथा शमशाबाद रोड किनारे वाले लोंगो को दिन भर बिना विद्युत आपूर्ति के जीवन बिताने को मजबूर हैं। बिजली संकट से सबसे अधिक परेशानी पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को लेकर हो रही है। ग्रामीणों ने विभाग से शीघ्र स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार गद्दोपुर मील के पास स्थित ट्रांसफार्मर से इस क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की जाती है। शनिवार दोपहर अचानक फाल्ट आने से आपूर्ति बाधित हो गई। इसके बाद रविवार सुबह व शाम और सोमवार दोपहर तक विद्युत कर्मियों ने लगातार मरम्मत का प्रयास किया, लेकिन बार-बार फाल्ट आने के कारण आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
बिजली न रहने से गांव में पेयजल संकट गहरा गया है। मोटर और सबमर्सिबल बंद होने के कारण ग्रामीणों को आधा किलोमीटर दूर से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। रात के समय पूरा इलाका अंधेरे में डूब जा रहा है, जिससे महिलाओं, मरीज़ों बच्चों और बुजुर्गों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उमस भरी गर्मी में लोगों की रातें जागकर कट रही हैं। मच्छरों के काटने से संक्रामक बीमारियों का खतरा उत्पन्न हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली न रहने से मोबाइल चार्जिंग, पंखे, कूलर, ट्यूवेल और अन्य जरुरी उपकरण बंद पड़े हैं। लगातार बाधित आपूर्ति के कारण लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी भी बढ़ती जा रही है।
सोमवार की शाम उपकेन्द्र के जूनियर इंजीनियर छोटेलाल स्वयं विद्युत कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और फाल्ट की जांच कराई। उन्होंने बताया कि विद्युतकर्मी लगातार लाइन की जांच कर फाल्ट खोजने का प्रयास कर रहे हैं। जल्द ही खराबी दूर कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। खबर लिखे जाने तक प्रयास जारी है।


Post a Comment