बसंत की आहट संग मालव प्राथमिक विद्यालय में गूंजी सरस्वती वंदना
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। ऋतुराज बसंत की कोमल आहट के साथ स्थानीय ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय मालव में वृहस्पतिवार को बसंत पंचमी की पूर्व संध्या श्रद्धा और उल्लास में डूबी नजर आई। विद्यालय परिसर रंगों और आस्था से सजा, जहां मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। वातावरण में ज्ञान, सृजन और संस्कारों की सुगंध फैलती प्रतीत हुई।
नन्हे बच्चों की ओठों से निकली सरस्वती वंदना और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जैसे पूरे परिसर को सुरों से भर दिया। उनकी मासूम अदाओं और भावपूर्ण प्रस्तुति ने शिक्षकों व उपस्थित जनों को भावविभोर कर दिया। हर चेहरे पर बसंत की मुस्कान और हर मन में उल्लास साफ झलकता रहा।
शिक्षकों ने बच्चों को बसंत पंचमी के महत्व से परिचित कराते हुए ज्ञान और संस्कार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। प्रधानाध्यापक धनंजय कुमार सिंह ने कहा कि बसंत पंचमी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि नई ऊर्जा, सृजन और सीख की शुरुआत है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में सांस्कृतिक चेतना और परंपराओं के प्रति सम्मान विकसित होता है।
कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद वितरण हुआ, जिससे बच्चों के चेहरे और खिल उठे। इस अवसर पर रामकेर राम, उमेश भारती, राम किशोर राम, छट्ठू प्रसाद गुप्ता, विजेंद्र प्रसाद, मनोज कुमार कुशवाहा, स्वतंत्र कुमार सिंह, फहद अहमद, सुलमति चौहान, आरती सिंह सहित छात्र-छात्राएं व अभिभावक उपस्थित रहे।


Post a Comment