गोंड समाज का धरना समाप्त, अरविंद राजभर की पहल से बनी सहमति
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील परिसर में जाति प्रमाण पत्र जारी किए जाने की मांग को लेकर गोंड समाज के लोगों द्वारा दिया जा रहा धरना सोमवार को समाप्त हो गया। धरना समाप्त कराने में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राजभर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके हस्तक्षेप के बाद जिलाधिकारी प्रवीण कुमार मिश्रा से वार्ता हुई, जिसमें शीघ्र गोंड जाति के प्रमाण पत्र निर्गत कराने का भरोसा दिलाया गया।
लंबे समय से जाति प्रमाण पत्र न बनने से परेशान गोंड समाज के महिला-पुरुषों ने तहसील परिसर में धरना शुरू किया था। धरने की जानकारी मिलने पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अविनाश जायसवाल डिंपू ने इस विषय से सुभासपा के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राजभर को अवगत कराया, जो मोहम्मदाबाद गोहना में पूर्व ब्लॉक प्रमुख स्व. अजीत सिंह की पंचम पुण्यतिथि कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।
जानकारी मिलते ही अरविंद राजभर धरना स्थल पर पहुंचे और उपजिलाधिकारी अभिषेक गोस्वामी के साथ वार्ता की। इसके बाद उन्होंने जिलाधिकारी प्रवीण कुमार मिश्रा से भी फोन पर बातचीत कर समस्या के समाधान पर चर्चा की। जिलाधिकारी द्वारा शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद धरनारत लोगों ने आंदोलन समाप्त कर दिया।
इस दौरान अरविंद राजभर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आगामी 12 जनवरी तक गोंड समाज की समस्या का समाधान नहीं होता है तो वे स्वयं अपने कार्यकर्ताओं के साथ तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन करेंगे। आश्वासन मिलने के बाद गोंड समाज के लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया।




Post a Comment