रेलवे स्टेशन के सामने पिकअप की टक्कर से अधेड़ की दर्दनाक मौत
•दवा लेने जा रहे थे आयुर्वेदिक अस्पताल, हादसे के बाद चालक समेत वाहन पुलिस के कब्जे में
•पेंटिंग का काम कर परिवार चलाते थे रामबच्चन, इकलौते बेटे व पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे गांधी आश्रम रोड स्थित रेलवे स्टेशन के सामने मोड़ पर तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से साइकिल सवार अधेड़ की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने पिकअप और उसके चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक व वाहन को कब्जे में ले लिया।
भूईलीपुर मोहल्ला निवासी राम बच्चन (60) साइकिल से सरकारी आयुर्वेदिक अस्पताल में दवा लेने जा रहे थे। स्टेशन के सामने मोड़ पर पहुंचते ही आजमगढ़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि राम बच्चन का पूरा सर कुचल गया और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि पिकअप और चालक को हिरासत में लिया गया है तथा पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है। परिजनों के अनुसार राम बच्चन पेंटिंग का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी आशा और एक इकलौता पुत्र है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि मोहल्ले में शोक की लहर है।






Post a Comment