स्व. अजीत सिंह की पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसमर्थन, दो स्थानों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना के पूर्व ज्येष्ठ उप ब्लॉक प्रमुख स्वर्गीय अजीत सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को व्यापक जनसमागम देखने को मिला। इस अवसर पर मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा और उनके पैतृक गांव देवसीपुर में अलग-अलग श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें राजनीति, समाजसेवा और जनप्रतिनिधित्व से जुड़े सैकड़ों लोग शामिल हुए।
कस्बे के सैदपुर मोहल्ला में आयोजित कार्यक्रम का आयोजन स्व. अजीत सिंह हत्याकांड के वादी मोहर सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम में गोसाईगंज विधायक अभय सिंह ने स्व. अजीत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें निडर, गरीबों का सच्चा हितैषी और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने वाला नेता बताया। उन्होंने कहा कि स्व. अजीत सिंह की हत्या एक सुनियोजित साजिश का परिणाम थी और उनके असमय निधन से राजनीति को अपूरणीय क्षति हुई है। इस अवसर पर अभय सिंह और मोहर सिंह द्वारा 50 जरूरतमंदों व दिव्यांगों को कंबल वितरित किए गए।
आयोजक मोहर सिंह ने भावुक होकर कहा कि अजीत सिंह के निधन से उन्होंने अपना एक सच्चा मित्र और हर परिस्थिति में साथ निभाने वाला साथी खो दिया। कार्यक्रम में विधायक राजेंद्र कुमार, नागेंद्र सिंह, रामप्रकाश यादव, दीपक डायमंड सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
वहीं दूसरी ओर, स्व. अजीत सिंह की पुण्यतिथि पर उनके पैतृक गांव देवसीपुर में भी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इसमें सुभासपा के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राजभर ने पहुंचकर स्व. अजीत सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने कहा कि यह अवसर राजनीति का नहीं, बल्कि श्रद्धांजलि और स्मरण का है। उन्होंने स्व. अजीत सिंह को साहसी, निर्भीक और गरीब-मजलूमों के लिए हमेशा खड़े रहने वाला नेता बताया।
देवसीपुर कार्यक्रम में गप्पू सिंह, काटू सिंह, टीपू सिंह, डॉ. उमेश सरोज, पूनम सरोज सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में स्व. अजीत सिंह की पत्नी एवं वर्तमान ब्लॉक प्रमुख रानू सिंह ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार प्रकट किया।







Post a Comment