मेहनत की रोशनी में चमका बारा की बेटी का नाम, अंकिता सिंह ने यूजीसी-नेट में रची सफलता की कहानी
करहां, मऊ। जब हौसलों को पंख मिलते हैं और मेहनत राह बनाती है, तब मंज़िल खुद क़दम चूमती है। कुछ ऐसा ही कर दिखाया है मुहम्मदाबाद गोहना विकास खंड के बारा गांव की होनहार बिटिया अंकिता सिंह ने। यूजीसी-नेट दिसंबर 2025 की परीक्षा में इतिहास विषय से 300 में 198 अंक अर्जित कर उन्होंने 98.17 पर्सेंटाइल प्राप्त किया है।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा जारी परिणाम में अंकिता सिंह को असिस्टेंट प्रोफेसर तथा पीएचडी प्रवेश के लिए योग्य घोषित किया गया है। सामान्य वर्ग से आने वाली अंकिता ने निरंतर अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर यह मुकाम हासिल किया।
बताया गया कि इस विषय में 82,844 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 60,777 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। ऐसे कड़े मुकाबले में उत्कृष्ट सफलता पाना उनकी प्रतिभा का प्रमाण है। अंकिता, बारा गांव के पूर्व ग्राम प्रधान सुनील सिंह व शिक्षामित्र माता उषा सिंह की सुपुत्री हैं।
उनकी इस उपलब्धि से गांव से लेकर जनपद तक खुशी की लहर दौड़ गई है। धर्मेंद्र सिंह, गणेश कुमार गोंड़, अरविंद सिंह, अशोक कुमार निषाद, आशीष प्रताप सिंह सोनू, अतुल कुमार सिंह, हैप्पी सिंह, नंद कुमार नंदू सहित अनेक लोगों ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अंकिता की यह उड़ान आने वाली पीढ़ियों के सपनों को नई दिशा देगी।

Post a Comment