Top News

सप्तदिवसीय शतचंडी महायज्ञ की पूर्णाहुति के साथ श्रीराम कथा का हुआ विश्राम

सप्तदिवसीय शतचंडी महायज्ञ की पूर्णाहुति के साथ श्रीराम कथा का हुआ विश्राम

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना, ब्लॉक क्षेत्र के तिलसवां स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में बीते सात दिनों से गूंज रहे वैदिक मंत्रों, शंखनाद और रामनाम की मधुर ध्वनि का शनिवार सायंकाल पूर्णाहुति के साथ विश्राम हो गया। सप्तदिवसीय शतचंडी महायज्ञ की पूर्णाहुति एवं श्रीराम कथा के विधिवत विश्राम ने पूरे वातावरण को भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।

समापन अवसर पर यज्ञाचार्य हरिकेश चौबे एवं जेपी पांडेय के सान्निध्य में यज्ञकर्ता इंद्रदेव सिंह तथा मुख्य यजमान भानुप्रताप सिंह ने अपनी धर्मपत्नी सहित वेद मंत्रों के उच्चारण के बीच आहुतियां अर्पित कीं। अग्निकुंड से उठती पवित्र ज्वालाएं मानो श्रद्धा और समर्पण की साक्षी बन रही थीं। श्रद्धालु भावविभोर होकर जय माता दी और सीताराम के उद्घोष से परिसर को गुंजायमान करते रहे।

पूर्णाहुति के पश्चात हवन-पूजन सम्पन्न हुआ और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। साथ ही चल रहे भंडारे में दूर-दूर से आए भक्तों ने महाप्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। सात दिनों तक चली कथा में भगवान श्रीराम के आदर्श चरित्र, धर्म, त्याग और मर्यादा के प्रसंगों ने श्रोताओं को आत्ममंथन का अवसर दिया।

कार्यक्रम में पूर्व प्रधान अशोक यादव, चुलबुल सिंह, सुनीता देवी, सतीश कुमार, सोनू सरोज, रोली सिंह, विजय प्रताप, कौशल कुमार, प्रदीप सिंह, रंजना देवी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजनों की निरंतरता का संकल्प लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post