विद्यालयों की कमियों को समन्वय से किया जाएगा दूर : बीडीओ कलाधर पांडेय
करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के बीआरसी कार्यालय परिसर में ग्राम प्रधानों, स्थानीय पदाधिकारियों एवं प्रधानाध्यापकों के उन्मुखीकरण हेतु सोमवार को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी कलाधर पांडेय रहे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यशाला का शुभारंभ किया और विद्यालय की कमियों को समन्वय से दूर किए जाने पर बल दिया।
मुख्य अतिथि का स्वागत कंपोजिट विद्यालय मुहम्मदाबाद गोहना-2 की छात्राओं ने तिलक व पुष्पवर्षा कर किया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना व सांस्कृतिक गीत प्रस्तुत किए, जिस पर अतिथियों ने पुरस्कार प्रदान किए। खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने कहा कि मिशन कायाकल्प के तहत निर्धारित 19 पैरामीटरों में अधिकांश विद्यालय संतोषजनक स्थिति में हैं। शेष कमियों को ग्राम प्रधान व प्रधानाध्यापक के समन्वय से पूर्ण किया जाना आवश्यक है।
मुख्य अतिथि बीडीओ कलाधर पांडेय ने कहा कि ब्लाक के शिक्षक परिश्रमी हैं। जहां आवश्यकताएं शेष हैं, वहां ग्राम प्रधानों व प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक कर शीघ्र कार्य पूर्ण कराया जाएगा। कार्यक्रम की भूमिका एआरपी पवन गुप्ता ने रखी। संचालन प्रधानाध्यापक धनंजय सिंह ने किया तथा आभार प्रदर्शन राजेश कुमार ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान चालिसवां, बनियापार, शमशाबाद, तिलसवां, वार्ड सदस्य भूईलीपुर के साथ अनेक प्रधानाध्यापक, राजेश मिश्रा, शशिभूषण राय, बंसराज प्रसाद, स्वतंत्र श्रीवास्तव, मुंशी प्रेमचंद, विजय कुमार सिंह, जगदीश यादव, प्रतिमा राय, विमला सिंह, तारा भारती आदि उपस्थित थीं।




Post a Comment