Top News

ग्राम प्रधानों व प्रधानाध्यापकों के उन्मुखीकरण हेतु एक दिवसीय कार्यशाला संपन्न

ग्राम प्रधानों व प्रधानाध्यापकों के उन्मुखीकरण हेतु एक दिवसीय कार्यशाला संपन्न

करहां, मऊ। शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के बीआरसी कार्यालय परिसर में ग्राम प्रधानों, स्थानीय पदाधिकारियों एवं प्रधानाध्यापकों के उन्मुखीकरण को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना कलाधर पांडेय रहे।

मुख्य अतिथि का स्वागत कंपोजिट विद्यालय मोहम्मदाबाद गोहना-2 की छात्राओं ने तिलक व पुष्पवर्षा कर किया। इसके बाद मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत के साथ “राम आएंगे” एवं “बड़ा नीक लागे अपने देशवा की माटी” गीत प्रस्तुत किए, जिस पर अतिथियों व ग्राम प्रधानों ने पुरस्कार प्रदान किए।

खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने कहा कि मिशन कायाकल्प के तहत निर्धारित 19 पैरामीटरों में अधिकांश विद्यालय मानकों को पूरा कर चुके हैं। शेष कमियों को ग्राम प्रधानों व प्रधानाध्यापकों के आपसी समन्वय से पूर्ण किया जाएगा। अपने अध्यक्षीय संबोधन में खंड विकास अधिकारी कलाधर पांडेय ने कहा कि ब्लॉक के शिक्षक परिश्रमी हैं। जहां कहीं कमियां शेष हैं, वहां ग्राम प्रधानों व प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक कर आवश्यक कार्यों को चिन्हित करते हुए शीघ्र संतृप्त किया जाएगा।

कार्यक्रम की भूमिका एआरपी पवन गुप्ता ने रखी। संचालन प्राथमिक विद्यालय मालव के प्रधानाध्यापक धनंजय सिंह ने किया तथा आभार ज्ञापन कंपोजिट विद्यालय मोहम्मदाबाद गोहना-2 के प्रधानाध्यापक राजेश कुमार ने किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ।



Post a Comment

Previous Post Next Post