Top News

महाशिवरात्रि पर उमड़ेगी आस्था की बारात, सुरक्षा तैयारियों का प्रशासन ने लिया जायजा

महाशिवरात्रि पर उमड़ेगी आस्था की बारात, सुरक्षा तैयारियों का प्रशासन ने लिया जायजा

मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। महाशिवरात्रि की संध्या इस बार माहपुर और करहां में विशेष उल्लास लेकर आएगी। माहपुर स्थित दुर्गा-शिव मंदिर तथा करहां बाजार के शिव मंदिर से निकलने वाली भव्य शिवबारात नगपुर-महमूदपुर के महामाई व काली माता मंदिर तक श्रद्धा और भक्ति के साथ प्रस्थान करेगी। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का वातावरण है और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है।

पूर्व संध्या पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमलकांत वर्मा ने पुलिस बल के साथ करहां बाजार स्थित शिव मंदिर पहुंचकर सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन समिति के अध्यक्ष विष्णुकांत श्रीवास्तव से चर्चा कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आश्वासन दिया कि पूरी यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

प्रभारी निरीक्षक ने समिति पदाधिकारियों से अपील की कि परंपरागत स्वरूप में ही आयोजन संपन्न किया जाए, किसी भी प्रकार की नई परंपरा, अनुशासनहीनता या अफवाहों से दूर रहा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण प्रदान करना है, ताकि शिवबारात श्रद्धा, मर्यादा और अनुशासन के साथ सम्पन्न हो।

Post a Comment

Previous Post Next Post