Top News

सर्पदंश से होनहार भैंस की मौत

सर्पदंश से होनहार भैंस की मौत

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद तहसील के भदीड़ गांव में गुरुवार की शाम एक होनहार भैंस को जहरीले सांप ने डंस लिया। जबतक परिवार के लोग चिकित्सक को सूचित करते तबतक तड़पते हुए भैंस ने दम तोड़ दिया। स्वजन ने संबंधित पशु चिकित्साधिकारी एवं लेखपाल को सूचित कर मुआयना करवाया व आवश्यक कार्यवाही पूरी करवाई।

गांव निवासी भीम सिंह ने दोपहर को अपनी एक लाख से ऊपर कीमत की भैंस को पुराने खपरैल वाले मकान में बांधा था। शाम को 04:30 बजे के करीब चारा खिलाने के टाइम जैसे ही घर में गए तभी भैंस जोर से चिल्लाई। वह दौड़ के भैस के पास गए तबतक एक काफी मोटा व जहरीला सांप उसके मुंह के पास से भागकर बिल में घुस गया। भैंस को तुरंत बाहर निकालकर इलाज का प्रयत्न करने लगे कि थोड़ी ही देर में तड़पकर उसकी मौत हो गई। भैंस की मौत से पूरे परिवार में मातम छा गया।

धौरहरा भातकोल के पशु चिकित्साधिकारी डाक्टर राजेश कुमार यादव एवं संबंधित लेखपाल को सूचित कर पंचनामा, पोस्टमार्टम एवं अन्य विधिक कार्यवाही की गई। डाक्टर राजेश कुमार यादव ने बताया कि पशु पालक को अहेतुक सहायता राशि दिलाने का पूरा प्रयास किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post