Top News

सद्धोपुर में निकली शाकाहार जागरुकता रैली, 15 परिवारों ने शाकाहार अपनाने का लिया संकल्प

सद्धोपुर में निकली शाकाहार जागरुकता रैली, 15 परिवारों ने शाकाहार अपनाने का लिया संकल्प

करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र के सद्धोपुर गांव में शुक्रवार को शाकाहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस प्रेरक रैली में करीब दो दर्जन बच्चों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे गांव में भ्रमण करते हुए लोगों से शाकाहार अपनाने की अपील की। रैली का प्रभाव यह रहा कि गांव के 15 परिवारों ने शाकाहार अपनाने का संकल्प लिया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में नैतिक मूल्यों, दया भाव और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


रैली के दौरान प्रतिभागियों के हाथों में संदेश लिखी तख्तियां और बोर्ड थे, जिन पर “शाकाहारी बनो”, “जीव हत्या बंद करो”, “अहिंसा का मार्ग अपनाओ” जैसे प्रेरक स्लोगन अंकित थे। नारे लगाते हुए लोगों को दया, करुणा और स्वस्थ जीवन शैली के प्रति जागरूक किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व बुलंदशहर जनपद के चमेली देवी इंटर कॉलेज में प्रवक्ता के रूप में कार्यरत विशाल सिंह (विपिन) एवं आचार्य घरभरन पांडेय ने किया। विशाल सिंह इन दिनों अवकाश पर अपने पैतृक गांव आए हुए हैं और इसी दौरान उन्होंने ग्रामीणों में सामाजिक एवं नैतिक जागरूकता फैलाने की पहल की।


रैली की शुरुआत गांव के हनुमान मंदिर से हुई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए काली मंदिर तक पहुंची। वहां अल्पाहार के बाद प्रतिभागियों ने घर-घर जाकर लोगों को शाकाहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। अंत में जुलूस श्री सिद्धेश्वर नाथ शिव मंदिर पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान विशाल सिंह ने जानकारी दी कि शनिवार को हनुमान मंदिर परिसर में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक लोगों से सहभागिता की अपील की गई। कार्यक्रम में रामकुंवर सिंह, प्रवीण राजभर, पवन शर्मा, सूर्य प्रकाश सिंह, रोशन सिंह, रुद्र प्रताप, आकाश सिंह, रामप्रकाश सिंह, रोहित राजभर, लक्की राजभर, छोटू सिंह, शिवाजी सिंह, दुर्गा प्रताप सिंह सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।





Post a Comment

Previous Post Next Post