करहां परिक्षेत्र में धूल भरी तेज आंधी से अफरा-तफरी
करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र व बाजार में बुधवार को अप्रह्म अचानक मौसम ने करवट ले ली। तेज आंधी और धूल भरी हवाओं के चलते पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही मिनटों में आसमान में धूल का घना गुबार छा गया, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। कूड़े-कचरे फैलने, पेड़ों की डालियां गिरने, टीनशेड उड़ने से भय का माहौल व्याप्त हो गया। रेहड़ी-पटरी के दुकानदारों की सामान जहां उड़ गई वहीं विभिन्न खाद्य पदार्थ बेचने वालों का सामान धूल की वजह से खराब हो गया।
अचानक आई इस आंधी से लोग घबरा गए और सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। बाजार में मौजूद दुकानदारों ने एहतियातन अपनी-अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए। तेज हवाओं के कारण इधर-उधर रखे सामान उड़ने लगे, जिससे स्थिति और भी भयावह हो गई। शिवा टावर के सामने नीम की डाल गिरने से एक कार बाल-बाल बची। अरैला में देर शाम एक बोलेरो गाड़ी पर पीपल की मोटी टहनी गिरने से बोलेरो पूरी तरह पिचक गई। उसमें सवार लोग बाहर चाय पी रहे थे वरना किसी बड़ी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता था। चिरैयाकोट थाने के मुख्य गेट का पिलर ही धराशायी होकर गिर गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आंधी इतनी तेज थी कि कुछ देर तक कुछ भी साफ नजर नहीं आ रहा था। हालांकि, अभी तक किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने तक घरों या सुरक्षित स्थानों पर ही रहें और अनावश्यक रुप से बाहर न निकलें। हालांकि आंधी के बाद डूबते सूरज का दृश्य काफी सुहावना और मौसम बेहद ठंढा हो चुका था।




Post a Comment