नौकरी दिलाने के नाम पर 6.63 लाख की ठगी, आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
करहां (मऊ) : रानीपुर थाना क्षेत्र की एक महिला से उसके बेटे को दिल्ली में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस अधीक्षक के आदेश व पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने सोमवार को नामजद समेत अन्य आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
पीड़िता चंद्रकला देवी निवासी ग्राम चकिया ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका बेटा दिल्ली में रहकर इलेक्ट्रिशियन का काम करता था, लेकिन आय कम होने के कारण परिवार बेहतर नौकरी की तलाश में था। इसी बीच जुलाई 2024 में मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के वलीदपुर भीरा निवासी राममूरत राम ने संपर्क कर दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा दिया और 50-60 हजार रुपये मासिक वेतन का भरोसा दिलाया।
विश्वास दिलाने के लिए आरोपित ने अपने साथियों विनय कुमार निवासी हरियाणा, राहुल, वीरेंद्र कुमार और दीपक से फोन पर बातचीत कराई, जिन्हें कंपनी का सुपरवाइजर बताया गया। महिला ने आरोप लगाया है कि नौकरी लगवाने के नाम पर किस्तों में कुल 6,63,500 रुपये पीड़िता और उसके बेटे से ले लिए गए। जब काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं मिली तो आरोपित टालमटोल करने लगा। बाद में और पैसे की मांग की गई। पीड़िता द्वारा पैसे वापस मांगने पर आरोपितों ने अभद्रता की और जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता ने जब गांव में जानकारी की तो लोगों ने आरोपित को शातिर ठग बताया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

Post a Comment