97 प्रतिशत अंक के साथ अनुष्का यादव व 96.6 प्रतिशत के साथ आदित्य ने रचा इतिहास
करहां (मऊ) : मेहनत की स्याही से जब सपनों की तकदीर लिखी जाती है, तब ही किसी अनुष्का के नाम सफलता की तस्वीर सजती है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं परीक्षा का परिणाम बुधवार को जैसे ही घोषित हुआ, पूरे जिले में खुशियों की लहर दौड़ गई। कहीं आंखों में सपनों की चमक थी तो कहीं माता-पिता के चेहरे गर्व से दमक उठे। इसी उत्साह और उमंग के बीच अमृत पब्लिक स्कूल की मेधावी छात्रा अनुष्का यादव ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में टाप कर सफलता का नया इतिहास रच दिया।
अनुष्का की इस शानदार उपलब्धि ने न सिर्फ विद्यालय बल्कि पूरे जनपद का मान बढ़ाया है। उसकी सफलता यह साबित करती है कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के आगे हर मुश्किल रास्ता आसान हो जाता है। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में बधाइयों का तांता लग गया। शिक्षकों और अभिभावकों ने मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।
वहीं किंग्स ईडेन स्कूल मुहम्मदाबाद गोहना के प्रतिभाशाली छात्र आदित्य ने 96.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में दूसरा स्थान हासिल किया। उसकी सफलता ने भी क्षेत्र के युवाओं को प्रेरणा देने का काम किया है। सुबह से ही छात्र-छात्राएं मोबाइल फोन और साइबर सेंटरों पर अपने परिणाम देखने को उत्साहित नजर आए। जैसे ही अच्छे अंकों की खबर मिली, घरों में खुशियों की गूंज सुनाई देने लगी। किसी ने मिठाई बांटी तो किसी ने गले लगाकर अपने बच्चों की मेहनत को सलाम किया।
“ये सिर्फ अंक नहीं, संघर्ष की कहानी है, हर सफल विद्यार्थी अपने परिवार की जुबानी है।” सीबीएसई परिणाम ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि सच्ची लगन और निरंतर प्रयास से हर मंजिल हासिल की जा सकती है। जिले के इन होनहार विद्यार्थियों ने आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा की नई मिसाल कायम की है।



Post a Comment